Giridih News: मानसरोवर तालाब में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, नम आंखों से मां दुर्गा को दी विदाई

गिरिडीह: शक्ति, भक्ति और आस्था के महापर्व दुर्गा पूजा के समापन अवसर पर गिरिडीह के ऐतिहासिक मानसरोवर तालाब (बरवाडीह) में माता की प्रतिमाओं के भव्य विसर्जन कार्यक्रम का आयोजन बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। पूरा तालाब परिसर माता के जयकारों और ढोल-नगाड़ों से गूंज उठा।
इस पावन और भावुक बेला पर मुख्य अतिथि के रूप में श्वेता शर्मा (उर्फ श्वेता सोनू) तथा उनकी सुपुत्री सृष्टि शर्मा विशेष रूप से सम्मिलित हुईं। दोनों ने माता रानी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की तथा नम आंखों से विदाई दी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी माता एवं छोटी माता की प्रतिमाओं को पूरे भक्ति भाव के साथ विसर्जित किया गया। तालाब किनारे मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने “प्रेम से बोलो दुर्गा मैया की जय” और “अगले बरस तू जल्दी आ” के गगनभेदी जयकारों के साथ माता को विदा किया, जिससे पूरा माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया था।
गिरिडीहवासियों के लिए विशेष शुभकामना संदेश
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्वेता शर्मा (उर्फ श्वेता सोनू) ने गिरिडीहवासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता रानी की असीम कृपा पूरे गिरिडीहवासियों पर सदैव बनी रहे। मां दुर्गा सभी के जीवन से दुख, रोग और संकट को दूर करें तथा हर घर में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास हो। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि यह शक्ति, भक्ति, एकता और नारी सम्मान का प्रतीक है। मां हमें यह सिखाती हैं कि बुराई पर अच्छाई की हमेशा जीत होती है।
उनकी सुपुत्री सृष्टि शर्मा ने भी श्रद्धालुओं के साथ माता की आरती में भाग लिया और सभी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में स्थानीय पूजा समिति के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। यह विसर्जन कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


