Giridih News: मन की बात’ में सर्जिकल स्ट्राइक और अशोक सिंघल का जिक्र, कार्यकर्ताओं ने सुना पीएम मोदी का संबोधन

सुनील पासवान के आवासीय कार्यालय में ‘मन की बात’ सुनते कार्यकर्ता।

गिरिडीह: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 138वें संस्करण को गिरिडीह के निवर्तमान महापौर सुनील पासवान ने बूथ संख्या 243 के अध्यक्ष टिंकू राम समेत पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अपने आवासीय कार्यालय में सुना। कार्यक्रम में देश की सुरक्षा, सर्जिकल स्ट्राइक, जनगणना, माना गांव और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े विषयों का उल्लेख किया गया।

सुनील पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधन के दौरान सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए देश की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े विषयों पर बात की। उन्होंने कहा कि भारतीय जवानों ने पाकिस्तान की सीमा में जाकर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया था। उनके अनुसार, इस कार्रवाई के बाद आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को लेकर दृढ़ता का संदेश गया।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उत्तराखंड के माना गांव का भी उल्लेख किया गया, जिसे भारत का पहला गांव माना जाता है। इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल की 100वीं जयंती के अवसर पर उनके योगदान को याद किया गया।

सुनील पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राम जन्मभूमि आंदोलन में अशोक सिंघल के योगदान और उनके संघर्ष का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल के लंबे संघर्ष के बाद आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर निर्माण हो चुका है।

इस अवसर पर अशोक राम, वासुदेव राम, दिलीप ठाकुर, टिंकू राम, जितेंद्र राम, प्रेम सिंह, संजय कुमार, सुनील रजक, शुभम पासवान समेत कई लोग मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More