Giridih News: डुमरी में अवैध महुआ शराब के अड्डों पर छापेमारी, 300 लीटर शराब जब्त और 4,500 किलो जावा महुआ नष्ट

डुमरी थाना पुलिस के सहयोग से अवैध शराब निर्माण स्थलों पर कार्रवाई।
उत्पाद विभाग ने डुमरी थाना पुलिस के सहयोग से बेलदारी टोला में की कार्रवाई, अवैध शराब कारोबारियों की पहचान जारी

गिरिडीह: गिरिडीह जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार को डुमरी थाना पुलिस के सहयोग से डुमरी थाना क्षेत्र के बेलदारी टोला में अवैध महुआ चुलाई शराब के निर्माण स्थलों और भट्ठियों पर छापेमारी की।

अधीक्षक उत्पाद, गिरिडीह के दिशा-निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान अवैध शराब की भट्ठियों और अड्डों से करीब 300 लीटर तैयार महुआ चुलाई शराब जब्त की गई। वहीं, शराब बनाने के उद्देश्य से अलग-अलग बर्तनों, ड्रमों और डिब्बों में छिपाकर रखे गए करीब 4,500 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को अवैध शराब निर्माण पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग की ओर से अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों और पुलिस के समन्वय से छापेमारी अभियान आगे भी चलाया जाएगा।

छापेमारी दल में ये रहे शामिल

कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, सदर अंचल तथा अवर निरीक्षक महेश कुमार दास, बगोदर अंचल के अधिकारी और डुमरी थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे। अभियान में गृहरक्षा वाहिनी के सशस्त्र बल के जवान भी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More