BSNL की सेवा से परेशान हैं ग्राहक? नेटवर्क और कॉल ड्रॉप को लेकर उठी जवाबदेही की मांग

गिरिडीह: भारत की सार्वजनिक क्षेत्र की महत्वपूर्ण दूरसंचार संस्था BSNL देश के ग्रामीण, पहाड़ी, सीमावर्ती एवं दूरदराज क्षेत्रों में संचार की जीवनरेखा रही है। ऐसे में यदि आज उसके नेटवर्क की गुणवत्ता, कॉलिंग सुविधा, इंटरनेट की गति, सिग्नल की उपलब्धता और उपभोक्ता शिकायतों के समाधान को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, तो इसे महज एक सामान्य उपभोक्ता समस्या मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
BSNL की सेवाओं में सुधार की आवश्यकता को लेकर सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल ने संचार मंत्रालय/दूरसंचार विभाग (DoT), भारत सरकार, नई दिल्ली के सक्षम प्राधिकारी को विस्तृत पत्र भेजकर स्वतंत्र जांच, जवाबदेही और समयबद्ध सुधार की मांग की है।
यह भी पढ़े: सुनील खंडेलवाल के प्रयास से सड़क मामले में कार्रवाई, अब पथ निर्माण विभाग की बारी
पत्र में कहा गया है कि अनेक क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को बार-बार कॉल ड्रॉप, कमजोर अथवा गायब सिग्नल, इंटरनेट की धीमी गति, नेटवर्क उपलब्धता की समस्या और शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के अभाव जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन परिस्थितियों के कारण उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है और कई ग्राहक अपने मोबाइल नंबर अन्य दूरसंचार कंपनियों में पोर्ट कराने अथवा BSNL की सेवाएं छोड़ने के लिए विवश हो रहे हैं।
“सवाल केवल नेटवर्क का नहीं, BSNL के भविष्य और उपभोक्ता के भरोसे का है”
खंडेलवाल ने कहा कि BSNL को केवल एक व्यावसायिक संस्था के रूप में देखकर उसके घाटे या लाभ का आकलन करना पर्याप्त नहीं है। यह देश की महत्वपूर्ण सार्वजनिक संचार व्यवस्था का हिस्सा है, जिसने उन क्षेत्रों तक भी दूरसंचार सेवाएं पहुंचाई हैं, जहां निजी कंपनियों की पहुंच सीमित रही है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकारी सहायता और पुनरुद्धार योजनाओं के बावजूद जमीनी स्तर पर उपभोक्ता को गुणवत्तापूर्ण सेवा नहीं मिल रही है, तो योजनाओं के क्रियान्वयन, संसाधनों के उपयोग और अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही की स्वतंत्र समीक्षा आवश्यक है।
खंडेलवाल ने पत्र के माध्यम से निम्न बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है :-
- विभिन्न क्षेत्रों में BSNL के नेटवर्क कवरेज, कॉल ड्रॉप, सिग्नल गुणवत्ता और इंटरनेट स्पीड की स्वतंत्र जांच कराई जाए।
- खराब नेटवर्क वाले क्षेत्रों की क्षेत्रवार सूची तैयार कर समयबद्ध सुधार योजना लागू की जाए।
- 4G/5G नेटवर्क विस्तार, खराब टावरों तथा पुराने/खराब उपकरणों की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाए।
- उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता, समय-सीमा और वास्तविक परिणाम की निगरानी सुनिश्चित की जाए।
- BSNL से ग्राहकों के पोर्ट-आउट अथवा सेवा बंद करने के वास्तविक कारणों का स्वतंत्र सर्वेक्षण कराया जाए।
- ग्रामीण, सीमावर्ती, पहाड़ी एवं दूरस्थ क्षेत्रों को नेटवर्क विस्तार एवं सेवा सुधार में विशेष प्राथमिकता दी जाए।
- अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, कार्यक्षमता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
- BSNL के लिए उपलब्ध सरकारी संसाधनों एवं पुनरुद्धार निधि के उपयोग तथा उससे प्राप्त वास्तविक परिणामों का पारदर्शी मूल्यांकन कराया जाए।
- उपभोक्ताओं का विश्वास पुनः स्थापित करने के लिए विशेष “BSNL सेवा सुधार अभियान” शुरू किया जाए।
- शिकायत एवं सुधार संबंधी कार्रवाई की स्थिति शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि परिणाम सामने आएं।
“टावर खड़ा होना पर्याप्त नहीं, उपभोक्ता के मोबाइल में नेटवर्क आना जरूरी है”
पत्र में यह भी कहा गया है कि दूरसंचार व्यवस्था की सफलता का वास्तविक पैमाना कागजों पर जारी योजनाएं, लगाए गए टावरों की संख्या अथवा घोषित निवेश नहीं, बल्कि उपभोक्ता को मिलने वाली वास्तविक सेवा है।
किसी दूरस्थ गांव में यदि मोबाइल पर सिग्नल नहीं आता, किसी आवश्यक फोन कॉल में बार-बार कॉल ड्रॉप होता है, इंटरनेट आवश्यकता के समय काम नहीं करता अथवा शिकायत दर्ज कराने के बाद उसका समाधान नहीं होता, तो उपभोक्ता के लिए योजनाओं और घोषणाओं का कोई अर्थ नहीं रह जाता।
BSNL के लिए आज सबसे बड़ी चुनौती केवल तकनीकी उन्नयन नहीं, बल्कि उपभोक्ता के टूटते विश्वास को पुनः अर्जित करना है।
BSNL की मजबूती का महत्व केवल उसके उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं है। ग्रामीण भारत, सीमावर्ती क्षेत्र, पहाड़ी इलाके और दूरस्थ क्षेत्रों में विश्वसनीय सार्वजनिक दूरसंचार व्यवस्था का अपना रणनीतिक एवं सामाजिक महत्व है।
इसलिए आवश्यकता इस बात की है कि BSNL की समस्याओं को केवल वित्तीय घाटे के चश्मे से न देखा जाए। सेवा की गुणवत्ता, नेटवर्क की विश्वसनीयता, उपभोक्ता संतुष्टि, तकनीकी आधुनिकीकरण और प्रशासनिक जवाबदेही, इन सभी को एक साथ लेकर परिणामोन्मुखी सुधार किया जाना चाहिए।
खंडेलवाल ने सरकार एवं दूरसंचार विभाग से आग्रह किया है कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए स्वतंत्र समीक्षा, क्षेत्रवार जांच और समयबद्ध सुधार की ठोस व्यवस्था की जाए।
उन्होंने आगे कहा कि, “BSNL को केवल एक कंपनी के रूप में नहीं, बल्कि देश की सार्वजनिक संचार व्यवस्था की महत्वपूर्ण संस्था के रूप में बचाना और मजबूत करना आवश्यक है। उपभोक्ता का विश्वास किसी भी संस्था की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि वह विश्वास लगातार कमजोर होता गया, तो केवल ग्राहक ही नहीं जाएंगे, बल्कि एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक दूरसंचार व्यवस्था भी कमजोर होगी।”
अब आवश्यकता केवल आश्वासन की नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाले परिणामों की है। समय रहते यदि नेटवर्क गुणवत्ता, उपभोक्ता शिकायत, तकनीकी आधुनिकीकरण और जवाबदेही के मुद्दों पर ठोस कार्रवाई की जाती है, तो BSNL को पुनः मजबूत, आधुनिक, विश्वसनीय और उपभोक्ता-केंद्रित सार्वजनिक दूरसंचार संस्था के रूप में स्थापित किया जा सकता है।


