Giridih News: देवरी निवासी छात्र अमित कुमार का इलाज के दौरान हुआ निधन

गिरिडीह: देवरी थाना क्षेत्र के गम्हारडीह निवासी एवं सहायक आचार्य महेंद्र सिंह के 22 वर्षीय इकलौते पुत्र अमित कुमार का असामयिक निधन हो गया। वे बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र थे और हजारीबाग में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। बीते 14 सितंबर को एक सड़क दुर्घटना में अमित गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए ओरमांझी स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ बुधवार देर रात इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
घटना की सूचना मिलने के बाद जमुआ विधायक मंजू कुमारी गम्हारडीह पहुँचकर शोकाकुल परिजनों से मिलीं और इस कठिन समय में उन्हें ढाढ़स बंधाया। विधायक ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि एक होनहार युवा और परिवार के इकलौते पुत्र का इस प्रकार असमय चले जाना अत्यंत पीड़ादायक एवं असहनीय है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल माता-पिता एवं परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

