Dhanbad News: अवैध पार्किंग के खिलाफ नेशनल हाईवे टास्क फोर्स का अभियान, 45 वाहनों से 3 लाख जुर्माना

धनबाद: सड़क किनारे अवैध पार्किंग से होने वाली दुर्घटनाओं और राष्ट्रीय राजमार्गों पर जाम की समस्या को रोकने के लिए धनबाद में नेशनल हाईवे टास्क फोर्स ने विशेष जांच अभियान चलाया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध और अनधिकृत रूप से खड़े पाए गए 45 वाहनों का चालान काटा गया। इन वाहन चालकों से कुल 3 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को किया जागरूक
कार्रवाई के साथ सड़क सुरक्षा टीम ने जागरूकता अभियान भी चलाया। टीम ने वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को हाईवे पर अनधिकृत तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
वाहन चालकों को बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर गलत तरीके से खड़े वाहन विशेषकर रात के समय और तेज रफ्तार यातायात के दौरान गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुचारू आवागमन और आम नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क किनारे अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


