Dhanbad News: आईआईटी आईएसएम द्वारा आदिवासी युवाओं के लिए डिजिटल स्किल्स ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन

धनबाद: आदिवासी युवाओं को डिजिटल स्किल्स से जोड़ने और उनके लिए हायर एजुकेशन व करियर के बेहतर अवसर तैयार करने के उद्देश्य से आईआईटी (आईएसएम) धनबाद द्वारा झारखंड में बेसिक और एडवांस्ड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एवं कंप्यूटर स्किल्स पर कैपेसिटी बिल्डिंग ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाया जा रहा है। यह प्रोग्राम मैनेजमेंट स्टडीज एवं इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा जनजातीय कार्य मंत्रालय (MoTA), भारत सरकार के सहयोग से संचालित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) इनिशिएटिव के तहत आयोजित किया जा रहा है।
इसी प्रोग्राम के तहत 6 से 9 अक्टूबर तक कक्षा 10, 11 और 12 के छात्रों के लिए ट्रेनिंग सेशन, मिड-सेमेस्टर एग्जाम और हैंड्स-ऑन प्रैक्टिकल एक्टिविटीज आयोजित की जा रही हैं। ये गतिविधियां ईएमआरएस भोगनाडीह, ईएमआरएस तसरिया, ईएमआरएस काठीजोरिया, ईएमआरएस सालगाडीह, ईएमआरएस बसिया और ईएमआरएस कुजरा में कराई जा रही हैं। Eklavya Model Residential Schools (EMRS) जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा अनुसूचित जनजाति के छात्रों, खासकर दूरदराज और आदिवासी इलाकों के विद्यार्थियों को क्वालिटी रेजिडेंशियल एजुकेशन उपलब्ध कराने के लिए स्थापित किए गए हैं।
ट्रेनिंग के बेसिक मॉड्यूल में छात्रों को Microsoft Office और Python Programming की ट्रेनिंग दी जा रही है, जबकि एडवांस मॉड्यूल में MS Excel, MS Project और MS Access के जरिए डेटा मैनेजमेंट, प्रोजेक्ट प्लानिंग और डेटाबेस एप्लीकेशन जैसे स्किल्स पर फोकस किया जा रहा है। प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के साथ मिड-सेमेस्टर एग्जाम के जरिए छात्रों की लर्निंग और स्किल्स का असेसमेंट भी किया जा रहा है।
मैनेजमेंट स्टडीज एवं इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग विभाग की प्रोफेसर रश्मि सिंह ने कहा, “हमारा फोकस आदिवासी छात्रों को ऐसी प्रैक्टिकल डिजिटल स्किल्स देना है, जो उनकी हायर एजुकेशन और भविष्य के करियर में काम आएं।” प्रोफेसर निलाद्रि दास ने कहा, “हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग से छात्रों का कॉन्फिडेंस बढ़ता है और वे टेक्नोलॉजी को क्लासरूम से बाहर भी बेहतर तरीके से इस्तेमाल कर पाते हैं।”
यह पहल आईआईटी (आईएसएम) धनबाद द्वारा MoTA के सहयोग से चलाए जा रहे लगातार कैपेसिटी बिल्डिंग प्रयासों का हिस्सा है। इससे पहले भी संस्थान द्वारा झारखंड के विभिन्न EMRS स्कूलों में आईटी ट्रेनिंग, प्रैक्टिकल सेशन और असेसमेंट गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। इसका उद्देश्य आदिवासी छात्रों के बीच डिजिटल गैप कम करना और उन्हें टेक्नोलॉजी आधारित शिक्षा एवं रोजगार के लिए तैयार करना है।
ट्रेनिंग और इवैल्यूएशन की गतिविधियां सनी कुमार, फिरदौस अंसारी, संतनु मंडल, सुमाना बनर्जी और रोहित सिंह द्वारा संचालित की जा रही हैं। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की यह पहल आदिवासी समुदायों के बीच डिजिटल इनक्लूजन, स्किल डेवलपमेंट और टेक्नोलॉजी आधारित एजुकेशन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


