सरेआम लूट, तो कभी खुलेआम फायरिंग.., हो क्या रहा है…?

देवघर: शहर के हर नुक्कड़ पर लुक्कड़ों का आतंक पसरा है। आखिर, हो क्या रहा है देवघर में। झारखंड की सांस्कृतिक राजधानी में इन दिनों आंतक बेख़ौफ होकर तमंचा लहराते फिर रहे हैं। किसी की जान जा रही है तो कोई जख्मी हो रहा है।
इतना ही नहीं आए दिन सामने आ रही इन वारदातों ने शहर में ख़ौफ़ का आलम पैदा कर दिया है। ताज़ा वाकया सामने आया है जलसार रोड इलाके से जहां कुछ अज्ञात लोगों ने एक युवक को गोली मारकर ज़ख़्मी कर दिया और मौके से फरार हो गए।
जिस सख्श को गोली लगी है उसका नाम सुनील झा है और वह सारवां ब्लॉक के पहड़िया का रहने वाला बताया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो इस घटना को घरेलू अनबन की वजह से अंजाम दिया गया है। लेकिन, पुलिस की तफ्तीश और हमलावर की गिरफ्तारी के बाद ही पूरी कहानी का पर्दाफाश हो पायेगा।
आपको बता दें कि, पीड़ित युवक बाबा बैधनाथ के मंदिर में पूजा पाठ का काम करता है और फ़िलहाल शिवगंगा इलाके में किराये के मकान में रहता है। उधर, युवक की हालत नाज़ुक बनी हुई है। डॉक्टर गोली निकालने की कोशिशों में जुटे हुए है।
बहरहाल, पुलिस अब पीड़ित के बयान का इंतज़ार कर रही है जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। लेकिन, देवनगरी की चरमराती कानून व्यवस्था ने देवघर पुलिस के लचर व्यवस्था का फायदा उठाते हुए बदमाश, खाकी के ख़ौफ़ की सारे बाज़ार खिल्ली उड़ाते नज़र आ रहे हैं।
समृद्ध झारखण्ड के लिए देवघर से सुनील कुमार की रिपोर्ट…




