बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल के साथ एसपी ने की बैठक, सुरक्षा पर मंथन

बोकारो एसपी और चैंबर ऑफ कॉमर्स प्रतिनिधिमंडल की बैठक
बोकारो एसपी के साथ चैंबर प्रतिनिधिमंडल की बैठक

बोकारो। बोकारो पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था, पार्किंग, अतिक्रमण, रात्रि सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, साइबर जागरूकता एवं इसकी रोकथाम जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

पुलिस अधीक्षक द्वारा चैंबर के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए बेरमो थाना क्षेत्र में शीघ्र एक ट्रैफिक पोस्ट का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया गया, जिसके लिए ट्रैफिक डीएसपी को निर्देश दिया गया। चास थाना क्षेत्र के अतिक्रमण की समस्या को नगर निगम और प्रशासन से मिलकर समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया है।

अड्डेबाजी वाले स्थानों को चिह्नित कर कार्रवाई को ज्यादा प्रभावी बनाने का निर्देश शहर के सभी थाना प्रभारियों को दिया गया है। साथ ही रात्रि गश्ती, रक्षक और टाइगर मोबाइल गश्ती का प्रतिदिन नंबर साझा करने का निर्णय लिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की घटना होने पर रात में तुरंत सूचित किया जा सके।

इसके अलावा, साइबर मामलों में बोकारो पुलिस द्वारा लगातार साइबर पीड़ितों के पैसे वापस कराने की सराहना करते हुए व्यापारियों के फ्रीज खातों को अनफ्रीज करने एवं साइबर जागरूकता, खासकर APK फ्रॉड से संबंधित जागरूकता को लेकर व्यापारियों को विशेष प्रशिक्षण दिए जाने की मांग की गई। इसके लिए साइबर प्रभारी सह मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक को निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक द्वारा व्यापारियों की सुरक्षा के लिए धमकी वाले कॉल की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया। साथ ही शहर की सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग के लिए अपने-अपने दुकानों के आसपास, शहर के कुछ चिह्नित स्थानों, प्रमुख मंदिरों और खासकर ज्वैलरी शॉप के पास चैंबर के सदस्यों द्वारा सीसीटीवी लगाने की अपील की गई, जिसमें चैंबर के सभी सदस्यों ने सहमति प्रदान की। दशहरा के मौके पर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सहयोग का भी आश्वासन प्राप्त हुआ है।

बोकारो शहर को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं व्यापार के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ आगे भी निरंतर संवाद और कार्य करने पर सहमति व्यक्त की गई।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More