Bokaro News: दुर्गा पूजा में सुरक्षा को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, एसपी ने दिए सख्त निर्देश

बोकारो: दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बोकारो पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा की अध्यक्षता में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में लंबित मामलों के निष्पादन, अपराधियों की गिरफ्तारी और आगामी दुर्गा पूजा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सितंबर माह के दौरान पुलिस की कार्रवाई के आंकड़े प्रस्तुत किए गए। इस दौरान पुराने लंबित मामलों सहित कुल 405 कांडों का निष्पादन किया गया, जबकि सितंबर में 270 नए कांड प्रतिवेदित हुए थे। निष्पादित मामलों में 134 विविध चोरी, 20 गृहभेदन, 11 वाहन चोरी, 12 हत्या, 10 बलात्कार एवं पॉक्सो, 26 ठगी, 27 सड़क दुर्घटना, सात एससी-एसटी एक्ट और पांच नक्सल संबंधी मामले शामिल हैं।
18 कुख्यात अपराधियों को न्यायालय से सजा
पुलिस की प्रभावी पैरवी के कारण न्यायालय ने 12 गंभीर कांडों में 18 कुख्यात अपराधियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई। इसके अलावा पुलिस ने 81 नामजद अभियुक्तों और 51 वारंटियों को जेल भेजा। कार्रवाई के दौरान 243 गैर-जमानती वारंट और 14 कुर्की से संबंधित आदेशों का भी निष्पादन किया गया।
दुर्गा पूजा में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
मासिक अपराध गोष्ठी में आगामी दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने को लेकर भी चर्चा की गई। एसपी ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में चास के सहायक पुलिस अधीक्षक, बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी, सिटी डीएसपी, सभी डीएसपी, अंचल निरीक्षक, पुलिस निरीक्षक तथा थाना और ओपी प्रभारी शामिल हुए।


