Bokaro News : डालमिया भारत फाउंडेशन 75 टीबी मरीजों को छह महीने तक देगा पोषण सहायता

बोकारो : टीबी के इलाज में दवाओं के साथ संतुलित और पौष्टिक आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए डालमिया भारत लिमिटेड की सीएसआर इकाई डालमिया भारत फाउंडेशन (डीबीएफ) ने अपनी बोकारो यूनिट के माध्यम से 75 टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने की पहल की है। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान की नि-क्षय मित्र पहल के तहत बोकारो के गोरावाली नॉर्थ पंचायत भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों को नियमित पोषण सहायता उपलब्ध कराना और उनके उपचार एवं स्वस्थ होने की प्रक्रिया में सहयोग देना है। बोकारो जिला टीबी कार्यालय के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम के तहत चयनित सभी 75 मरीजों को छह महीने तक हर महीने पोषण किट दी जाएगी।
प्रत्येक पोषण किट में तीन किलो दाल, 1.5 किलो चना, एक किलो मूंगफली, एक किलो गुड़ और एक लीटर सरसों का तेल शामिल है। इन खाद्य सामग्रियों के जरिए मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक पोषण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ. फ्लोरेंस होरो, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के जिला समन्वयक हेमंत झा, नितिन कुमार सिंह, डालमिया भारत सीमेंट लिमिटेड (डीसीबीएल), बोकारो के यूनिट हेड सुनील कुमार के. भुसारी और प्लांट ओएचसी के डॉ. संतोष कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डीसीबीएल, बोकारो के यूनिट हेड सुनील कुमार के. भुसारी ने कहा कि टीबी मरीजों के उपचार और स्वस्थ होने की प्रक्रिया में उचित पोषण की अहम भूमिका होती है। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को लगातार सहायता उपलब्ध कराने और टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य में योगदान देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदायों और सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना तथा लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालना कंपनी की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।


