Bokaro News: चास सीओ सेवाराम साहू निलंबित, सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत के बाद कार्रवाई

चास सीओ सेवाराम साहू के निलंबन की खबर से प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज।
ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई की मांग करने पहुंचे युवकों को कार्यालय से बाहर निकलवाने का आरोप, अन्य मामले भी आए चर्चा में

बोकारो: चास के अंचल अधिकारी सेवाराम साहू को सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत से जुड़े मामले में निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, निलंबन से संबंधित सरकारी अधिसूचना जारी नहीं हुई है, लेकिन बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने इसकी पुष्टि की है। निलंबन के बाद सीओ को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

मामला चास प्रखंड की बिजूलिया पंचायत के भोक्ताडीह गांव से जुड़ा है। कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत को लेकर उपायुक्त से फरियाद लगाई थी। शिकायत पर कार्रवाई के लिए उपायुक्त की ओर से अंचल अधिकारी को ई-मेल भेजा गया था।

कार्रवाई की मांग करने पहुंचे थे पांच युवक

बताया जाता है कि 5 अक्टूबर को पांच युवक सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर चास अंचल कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान सीओ ने गार्ड बुलाकर युवकों को धक्का देकर कार्यालय से बाहर निकलवा दिया और पुलिस को बुला लिया। इसके बाद पुलिस ने युवकों को हिरासत में ले लिया था। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की जांच में युवकों की गलती सामने नहीं आने पर उन्हें छोड़ दिया गया।

इस घटना के बाद मामला तूल पकड़ने लगा। सीओ की कार्यशैली से जुड़े अन्य मामले भी सरकार के संज्ञान में आने की चर्चा है। इनमें बिजली वितरण निगम लिमिटेड के एक अधिकारी से कथित आपत्तिजनक बातचीत का वीडियो और जमीन की रसीद गलत तरीके से काटने के आरोप शामिल हैं।

कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज

चास सीओ के निलंबन की खबर के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत, उस पर कार्रवाई की मांग करने पहुंचे युवकों के साथ कथित व्यवहार और सीओ से जुड़े अन्य आरोपों ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। अब इस प्रकरण में आगे की प्रशासनिक कार्रवाई और संबंधित आरोपों की जांच पर निगाहें टिकी हैं।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More