Bokaro News: बीएसएल के प्रोजेक्ट्स विभाग में ‘हर स्तर संवाद’ पहल, शीर्ष प्रबंधन ने संविदा कर्मियों से की सीधी बातचीत

बोकारो: बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के प्रोजेक्ट्स विभाग ने कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने और सभी स्तरों पर सुरक्षा संबंधी संवाद को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘हर स्तर संवाद’ नामक पहल शुरू की है। इसके तहत साइट पर कार्यरत संविदा कर्मियों से लेकर शीर्ष प्रबंधन तक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कार्यस्थल पर संभावित जोखिमों की पहचान करना, कर्मियों के सुझावों को प्रबंधन तक पहुंचाना और सुरक्षा संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
इस पहल के अंतर्गत साइट स्तर पर दैनिक टूलबॉक्स टॉक, ठेकेदारों एवं सुपरवाइजरों के साथ मासिक समीक्षा बैठक और विभागीय स्तर पर साप्ताहिक सहभागिता सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, कर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा संभावित जोखिमों का समय रहते निराकरण करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
शीर्ष प्रबंधन के साथ संविदा कर्मियों का सीधा संवाद
इसी क्रम में 9 अक्टूबर 2026 को अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) के सम्मेलन कक्ष में शीर्ष प्रबंधन और संविदा कर्मियों के बीच प्रत्यक्ष संवाद सत्र आयोजित किया गया। इसमें कोक ओवन क्षेत्र में कार्यरत संविदा कर्मियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा से जुड़े मुद्दों, अपने अनुभवों और सुझावों को सीधे प्रबंधन के समक्ष रखा।
सत्र में अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं), प्रोजेक्ट्स विभाग के मुख्य महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी पर आधारित प्रक्रिया
संवाद सत्र के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि सुरक्षा केवल निर्धारित निर्देशों और मानकों के अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर संवाद, सक्रिय सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी पर आधारित प्रक्रिया है। प्रत्येक कर्मचारी और संविदा कर्मी के लिए सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
‘हर स्तर संवाद’ के माध्यम से कार्यस्थल पर मौजूद कर्मियों और शीर्ष प्रबंधन के बीच संवाद की प्रभावी कड़ी विकसित की जा रही है। इससे सुरक्षा संबंधी समस्याओं की पहचान करने, कर्मियों के सुझावों को महत्व देने और जोखिमों का समयबद्ध समाधान करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बीएसएल की यह पहल संयंत्र में शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करने तथा प्रत्येक कार्मिक के लिए सुरक्षित एवं स्वस्थ कार्य-परिवेश सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


