ईसाई मिशनरियों पर धर्मांतरण कराने का आरोप, कार्रवाई व जांच के लिए उपायुक्त को दिया ज्ञापन

दुमका : जिले के विभिन्न आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों ने सोमवार को दुमका के उपायुक्त को ज्ञापन देकर ईसाई मिशनरियों पर धर्मांतरण का आरोप लगाया और जिला प्रशासन से इसके लिए कार्रवाई की मांग की। संगठनों ने मांग की है कि संताल परगना क्षेत्र के जितने भी गांव में ईसाई धर्म में परिर्वतन कर चुके मांझी या ग्राम प्रधान हैं, उन्हें पद से विमुक्त किया जाए। साथ ही आदिवासी स्वशासन प्रणाली में सुधार किया जाए। जनतांत्रिक व संवैधानिक पद्धति लागू किया जाए।

ज्ञापन में कहा गया है कि संताल परगना में संताल आदिवासियों को दिग्भ्रमित करने के लिए ईसाई मिशनरियों के द्वारा जाहेर नाम का प्रयोग किया जा रहा है। वे जीसू जाहेर का प्रयोग कर रहे हैं। जबकि जाहेर शब्द प्रकृति पूजक सरना धर्म उपासकों व आदिवासियों का पवित्र स्थल है। ज्ञापन में कहा गया है कि हमारे पवित्र स्थल जाहेर को जिसू जाहेर के रूप में स्थापित करना सीधे-सीधे सरना धर्म और आस्था के साथ खिलवाड़ है।

शहर घाटी, अमडा़पाड़ा, पाकुड़ में मध्य तथा उच्च विद्यालय के साथ-साथ ईसाई धर्म प्रचार केंद्र भी है। यह भी कहा गया है कि दुमका के दुधानी में भी जीसू जाहेर नाम से एक ईसाई प्रशासनिक बिल्डिंग का निर्माण किया गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि भ्रांतियां फैलाकर व प्रलोभन देकर धर्मांतरण का कार्य किया जा रहा है। इसमें कुछ स्थलों व गांवों का नाम भी चिह्नि किया गया है। हाल ही में घासीपुर पंचायत के अंतर्गत ग्राम धमना में सोनोत हंसदा के घर में, काठीकुंड प्रखंड के अंतर्गत बिछिया पंचायत के ग्राम कुलकांड में सुनीराम किस्कू के घर में, रामगढ़ प्रखंड के ग्राम नवाडीह में ऐसे मामले सामने आए हैं।

इन तीनों जगह चमत्कार कहकर ईसाई धर्म के ईस्ट प्रभु जीसू और माता मरियम की प्रतिमा रातों रात प्रकट होने की दावा किए जा रहा है। ऐसे में ग्रामीणों में भय और अशांति का माहौल है। मामले की जांच कराने की मांग की गयी है।

ज्ञापन देने वालों में कमिश्नर मुर्मू संताल परगना अध्यक्ष एएसए, विनोद मुर्मू संताल परगना युवा अध्यक्ष एएसए, अमर मरांडी संताल परगना जोनल हेड एएसए, अनुपलाल सोरेनए शिवराम मुर्मू और छोटू बेसरा शामिल थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More