मनरेगा की राशि का गलत ढंग से निकासी का आरोप, बीडीओ से कार्रवाई की मांग

पलामू : पलामू जिले के पाटन प्रखंड की राजहरा पंचायत के खाम्ही गांव के मोतियाश्वाला टोला के निवासी इसत्याग अंसारी ने पाटन के बीडीओ को पत्र लिख कर खुद के नाम पर बिना निर्माण के कूप निर्माण का पैसा निकाल कर उसकी बंदरबांट करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने पाटन के बीडीओ को लिखे पत्र में अपनी पत्नी एवं बेटे के नाम पर भी अवैध निकासी का आरोप लगाया है। उन्होंने पत्र में कहा है कि उनकी पत्नी के नाम पर डोभा निर्माण के नाम पर एक लाख 11 हजार 432 रुपये निकाले गए।
इसी तरह उनके बेटे अब्दुल अजीज अंसारी के नाम पर पैसे की निकासी की गयी। उन्होंने आरोप लगाया है कि ऐसा कार्य पंचायत सेवक नितेश रंजन तिवारी एवं रोजगार सेवक ने मिल कर किया है। उन्होंने पत्र में कहा है कि उनकी आवास योजना के नाम पर मजदूरों की राशि का घोटाला किया गया है। इसत्याग अंसारी ने बीडीओ से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।


