पिछले 24 घंटे में झारखंड में कोरोना से एक भी मौत नहीं, 28 नए मरीज के साथ कुल 223 सक्रिय केस

रांची : झारखंड में शुक्रवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में कोरोना के सिर्फ 28 नए मरीज मिले हैं, जबकि इतने ही लोग स्वस्थ हुए। इस दौरान एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। प्रदेश में 223 सक्रिय मरीज हैं।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रांची से पांच, देवघर से चार और लोहरदगा से तीन नए मरीज मिले हैं। इसी तरह, धनबाद, गढ़वा, कोडरमा, साहेबगंज और लातेहार से प्रत्येक जिले में दो मरीजों की पहचान हुई है। उधर, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर, रामगढ़, चतरा, सरायकेला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा से एक-एक मरीज मिले हैं।
इन नए मरीजों को मिलाकर झारखंड में कोरोना मरीजों की संख्या अब तीन लाख 47 हजार 304 हो गयी है। इनमें से तीन लाख 41 हजार 952 मरीज ठीक हो चुके हैं। राज्य में पांच हजार 129 मरीजों की मौत हो चुकी है। अबतक कुल एक करोड़ 19 लाख 23 हजार 457 सैंपल की जांच की गयी है। फिलहाल, प्रदेश में 223 सक्रिय मरीज हैं। झारखंड में कोरोना की रिकवरी रेट 98.45 प्रतिशत है।
राजधानी रांची में पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक कोरोना के पांच नए मरीज मिले है। यहां सक्रिय मरीजों की संख्या 55 है। दो मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं। राजधानी में अब तक कुल 85 हजार 391 पॉजिटिव केस आए हैं, जिनमें 83 हजार 748 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।


