धनवार: गुजरात के वड़गाम विधायक जिग्नेश मेवानी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी देश के सबसे असफल प्रधानमंत्री हैं। उनके कार्यकाल में गुजरात से लेकर झारखंड तक हर क्षेत्र में दलितों, अल्पसंख्यकों व पिछड़ों पर लगातार हमले हो रहे हैं। जिग्नेश ने कहा कि मोदी के लोगों द्वारा ही बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के लिखे सर्वमान्य संविधान को जलाने का काम किया है।
ये उनके लिखे संविधान को मिटा कर अपना संविधान सौंपना चाहते हैं। गरीब मजदूर, किसानों और बेरोजगार युवा साथियों के लिए उनके पास कोई योजना नहीं है। गुजरात से लेकर महाराष्ट्र तक किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं और प्रधानमंत्री जी विदेश घूमने में व्यस्त हैं। उन्हें देश और देशवासियों की जरा सी भी चिंता नहीं है। अतएव इस बार गरीब- गुरबों, मजदूर किसानों, बेरोजगार युवाओं के हक, अधिकार की आवाज संसद में गूंजे। इसके लिए कोडरमा लोकसभा से राजकुमार यादव को भारी मतों से जीताकर भेजें। वहीं पूर्व पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि संघर्षों के साथी राजकुमार यादव के पक्ष में पूरा कोडरमा लोकसभा के कई क्षेत्रों में जाकर जिग्नेश व सुदामा जनसंपर्क करेंगे। मौके पर पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह व पार्टी प्रत्याशी राजकुमार यादव भी मौजूद थे।