फर्जी सहिया के नाम पर गर्भवती महिलाओं से कथित वसूली, गरीब महिलाओं पर अत्याचार का आरोप

गिरिडीह के चेताडीह में एक महिला ने खुद को सहिया बताकर गरीब गर्भवती महिलाओं को निजी अस्पतालों में ले जाकर कथित वसूली की। ग्रामीणों ने जांच की मांग की है।

गिरिडीह :  जिले के चेताडीह क्षेत्र में एक महिला द्वारा खुद को सहिया बताकर गर्भवती महिलाओं को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों में ले जाने और उनसे मनमानी राशि वसूलने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि अंजली देवी नामक महिला खुद को सहिया बताकर सरकारी अस्पताल पहुंचने वाली गरीब गर्भवती महिलाओं को गुमराह करती है और अज्ञात सहिया प्राइवेट हॉस्पिटल समेत अन्य निजी अस्पतालों में ले जाकर अवैध वसूली कराती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अंजली देवी का चेताडीह अस्पताल के पास ठिकाना है। बताया जाता है कि जैसे ही कोई गर्भवती महिला सरकारी अस्पताल पहुंचती है, वह खुद को सहिया बताकर भरोसे में लेती है और बेहतर इलाज का झांसा देकर निजी अस्पताल ले जाती है। वहां इलाज के नाम पर मनमाने तरीके से पैसे की मांग की जाती है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

मिली जानकारी के मुताबिक, अंजली देवी ने अस्पताल के पास एक होटल भी खोल रखा है, जहां से वह गतिविधियों को अंजाम देती है। आरोप है कि यह पूरा खेल गरीब और अशिक्षित महिलाओं की मजबूरी का फायदा उठाकर किया जा रहा है।

इस मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, फर्जी सहिया पर सख्त कार्रवाई करने और गर्भवती महिलाओं को शोषण से बचाने की मांग की है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More