मंदिर की मर्यादा बचाने की कीमत जान देकर चुकाई, चौकीदार ने 70 वर्षीय ट्रस्टी को 31 बार पीटा

Indore Murder Case: इंदौर में मंगलवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां मंदिर के 70 वर्षीय ट्रस्टी कैलाश मोदी की चौकीदार मुकेश शर्मा ने लाठी से बेरहमी से पीटकर जान ले ली।
जान बचाने के लिए बुजुर्ग मंदिर से गुरुद्वारे तक दौड़ता रहा, लेकिन नशे में धुत आरोपी का कहर उसका पीछा नहीं छोड़ा और अंततः उसकी मौत हो गई। इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय मंदिर सेवक कैलाश मोदी की निर्मम हत्या का यह मामला पूरे शहर में सनसनी फैला गया है। आरोप है कि मंदिर परिसर में शराब पीने से रोके जाने पर चौकीदार मुकेश शर्मा ने क्रोध में आकर कैलाश पर लगातार 31 बार लाठी से प्रहार किए और उन्हें मौत के मुंह में धकेल दिया। घटना का पूरा दृश्य सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना इंदौर के अन्नपूर्णा थाना इलाके की है, जहां एक मामूली-सी बात खूनी टकराव में बदल गई। 70 वर्षीय कैलाश मोदी वर्षों से मंदिर में सेवाभाव से कार्य करते आ रहे थे। परिजनों के अनुसार चौकीदार मुकेश शर्मा की मंदिर परिसर में शराब पीने की लत थी, जिसका कैलाश मोदी लगातार विरोध करते थे और उसे बार-बार समझाने की कोशिश कर चुके थे। मंगलवार की सुबह भी इसी विषय पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जो देखते-देखते इतना बढ़ गया कि आरोपी ने लाठी उठाकर बुजुर्ग पर धाबा बोल दिया।
31 वार और थम गई सांसें
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे मुकेश नशे में मंदिर पहुंचा। जब कैलाश मोदी ने उसे मंदिर की गरिमा का वास्ता देकर शराब पीने से मना किया, तो वह आपा खो बैठा। उसने पास रखी भारी लाठी उठाई और बुजुर्ग पर हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि आरोपी ने एक के बाद एक 31 बार प्रहार किए। अपनी जान बचाने के लिए कैलाश मोदी मंदिर से भागकर पास के गुरुद्वारे की ओर दौड़े, लेकिन आरोपी पीछा करता रहा और हमले जारी रखे। गंभीर रूप से घायल कैलाश को बचाने के हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन अत्यधिक चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी।
लंबे समय से मंदिर की देखरेख कर रहे थे कैलाश मोदी
सूचना मिलते ही अन्नपूर्णा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी मुकेश शर्मा को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार कैलाश मोदी बरसों से मंदिर की व्यवस्था और रखरखाव संभाल रहे थे, जबकि आरोपी मुकेश की शराब पीने की पुरानी लत थी और वह प्रायः नशे में मंदिर परिसर में उत्पात मचाता था। ट्रस्टी उसे अनेक बार राह दिखा चुके थे, लेकिन उसकी आदत में कोई बदलाव नहीं आया।
परिजनों ने क्या कहा?
परिजनों के अनुसार कैलाश मोदी पूरी तरह आस्थावान और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे, जिन्होंने मंदिर की सेवा को ही अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पुष्टि की है कि मंदिर में शराब पीने को लेकर विवाद के बाद यह वारदात हुई। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर गहन जांच की जा रही है।
मंदिर की मर्यादा की रक्षा करते-करते चली गई जान
पवित्र स्थल की गरिमा बनाए रखने का प्रयास करने वाले एक निर्दोष बुजुर्ग को अपनी जान की कीमत चुकानी पड़ी। नशे में अंधे आरोपी की इस करतूत ने पूरे इंदौर को हिलाकर रख दिया है। फिलहाल आरोपी जेल की सलाखों के पीछे है और पुलिस मामले की बारीकी से जांच में जुटी है।


