Shravani Mela 2026: राजकीय श्रावणी मेला के 20वें दिन रिमझिम बारिश के बीच शिवमय हुई बाबा नगरी

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के 20वें दिन आज बाबा बैद्यनाथ की नगरी पूरी तरह से शिवमय नजर आ रही है। सुबह से ही हो रही रिमझिम बारिश के बीच देवघर की पावन भूमि पर आस्था का अनूठा समागम देखने को मिल रहा है। प्रातः 05:00 बजे खुले मंदिर के पटमंगलवार प्रातः ठीक 05:00 बजे बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट खुलते ही कांवरियों का जलार्पण प्रारंभ हो गया। जैसे ही गर्भगृह के द्वार खुले, वैसे ही जलार्पण के लिए उत्सुक शिवभक्तों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। पूरा मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र ‘बोल-बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
बीएड कॉलेज से लगी कतार, रूट लाइन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रिमझिम फुहारों के बीच शिवभक्तों की लंबी कतार बीएड कॉलेज से लगी हुई है। सभी कांवरिया कतारबद्ध तरीके से बाबा का जयघोष करते हुए निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा तैयार की गई रूट लाइन में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है।
मेला क्षेत्र और रूट लाइन में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रशासन सभी कांवरियों को सुलभ, सुरक्षित और सुगम जलार्पण कराने के लिए पूरी तरह से ‘सेवा भाव’ के साथ तत्पर है। सीसीटीवी कैमरों और नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पूरी कतार और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।


