Sahibganj News: रक्षाबंधन से पहले महंगाई का झटका, 15 दिनों में 40% तक महंगी हुई चीनी

साहिबगंज: अगस्त माह की शुरुआत से ही आम लोगों की थाली से मिठास फीकी पड़ने लगी है। पिछले करीब 15 दिनों में चीनी की कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। जो चीनी जुलाई अंत तक बाजार में 40 से 42 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, अब उसकी कीमत 60 से 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। अचानक हुई इस वृद्धि ने आम लोगों के घरेलू बजट को बिगाड़ कर रख दिया है।
गुड़ भी हुआ महंगा, खरीदारी घटी
चीनी की कीमत बढ़ने के बाद लोगों ने गुड़ की ओर रुख किया है, लेकिन वहां भी राहत नहीं है। बाजार में गुड़ की कीमत भी 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। खुदरा दुकानदारों के अनुसार, महंगाई का असर खरीदारी पर साफ दिख रहा है। पहले जहां ग्राहक 2-5 किलो चीनी एक साथ ले जाते थे, अब आधा किलो और एक किलो में काम चला रहे हैं। एक दुकानदार ने बताया कि थोक में ही दाम बढ़ा हुआ आ रहा है, इसलिए खुदरा में भी बढ़ाना पड़ रहा है। ग्राहक कम मात्रा में खरीद रहे हैं, इससे कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
त्योहारों में मिठाई भी होगी महंगी
रक्षाबंधन और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए मिठाई कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। चीनी महंगी होने से मिठाई बनाने की लागत बढ़ गई है। कारोबारियों का कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में मिठाई की कीमतों में 10 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी तय है।
प्रशासन की ओर से नियंत्रण नहीं
त्योहारों के दौरान चीनी की मांग और बढ़ती है, ऐसे में कीमतों में और उछाल आने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन की ओर से कीमतों को नियंत्रित करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है, जिससे आम उपभोक्ता महंगाई की मार झेलने को मजबूर हैं।


