Sahibganj News: दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव, शिवगादी और मोतीनाथ धाम में उमड़ी भारी भीड़

सावन माह की दूसरी सोमवारी पर साहिबगंज जिले के शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बरहेट स्थित शिवगादी धाम और तालझारी के मोतीनाथ धाम में सबसे अधिक श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसरों में भक्तों की लंबी कतार लगी रही और बोल बम तथा हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, फूल, दूध और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की।

साहिबगंज:  सावन माह की दूसरी सोमवारी के पावन अवसर पर सोमवार को पूरे जिले में शिव भक्ति का माहौल रहा। जिले के सभी प्रखंडों में स्थित शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसमें सबसे अधिक भीड़ बरहेट प्रखंड स्थित शिवगादी धाम और तालझारी प्रखंड स्थित मोतीनाथ धाम शिव मंदिर में देखी गई। यहां “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से सुबह से ही पूरा परिसर गूंज उठा।
 

महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे। मंदिर के बाहर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। भक्तों ने बेलपत्र, फूल, दूध, जल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मान्यता है कि सावन के सोमवार को जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

महिला श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई महिलाएं सुबह-सुबह स्नान कर पूजा की थाली लेकर मंदिर पहुंचीं और भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। साहिबगंज के अलावा जिले के बोरियो, मंडरो, राजमहल सहित सभी प्रखंडों के शिव मंदिरों में भी दूसरी सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। हर मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक के लिए कतारें लगीं और “हर-हर महादेव” के नारे गूंजते रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि सावन में सोमवारी का दिन होने के कारण दूर-दूर से श्रद्धालु अपने नजदीकी मंदिरों में पहुंचे।

बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से सुरक्षा, पेयजल और आवागमन की व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल तैनात किए गए थे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। दूसरी सोमवारी पर उमड़ी भीड़ ने पूरे जिले में सावन की भक्ति और आस्था का माहौल पूरी तरह जीवंत कर दिया। देर शाम तक सभी शिवालयों में “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे।

लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More