Sahibganj News: स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी, साहिबगंज में डीसी-एसपी ने परखी सुरक्षा और समारोह की व्यवस्था

साहिबगंज: 15 अगस्त का इंतजार अब बस कुछ घंटों का है। और उसी की तैयारी गुरुवार को सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में पूरी रौनक के साथ दिखी। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की फुल ड्रेस रिहर्सल में स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह खुद मैदान में मौजूद रहे। दोनों ने परेड ग्राउंड से लेकर पंडाल, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा तक हर चीज का बारीक मुआयना किया।
कदम से कदम मिलाकर चले जवान और बच्चे
रिहर्सल की शुरुआत होते ही अनुशासन की मिसाल दिखी। पुलिस के जवान, एनसीसी कैडेट्स और जिले भर के विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एक साथ मार्च-पास्ट करते हुए आगे बढ़े। सार्जेंट मेजर की आवाज पर हर कदम एक साथ पड़ा। डीसी और एसपी ने परेड की सलामी ली और सभी टुकड़ियों का हौसला बढ़ाया। मैदान में मौजूद वरीय पदाधिकारी और विभागीय कर्मी भी इस अभ्यास का हिस्सा बने।
पहले शहीदों को नमन, फिर तिरंगे की रिहर्सल
परेड से पहले डीसी और एसपी ने सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। इसके बाद असली समारोह जैसा ध्वजारोहण का पूर्वाभ्यास हुआ। स्कूली छात्राओं ने पहले राष्ट्रीय गीत और फिर तिरंगा फहराने के बाद राष्ट्रगान गाकर माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
“कोई चूक नहीं चाहिए” – डीसी
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने साफ कहा कि समारोह में आने वाले हर अतिथि, हर नागरिक और हर बच्चे की सुविधा सर्वोपरि है। उन्होंने मंच, पंडाल, पानी, बैठने और यातायात व्यवस्था को समय से पहले दुरुस्त करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने सुरक्षा को लेकर पुलिस टीम को अलर्ट रहने को कहा। उन्होंने कहा कि स्टेडियम और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात रहेंगे ताकि समारोह शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो।
अब बस 15 अगस्त का इंतजार
रिहर्सल के साथ ही प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। स्टेडियम में भव्य पंडाल तैयार है, मंच सज चुका है और कुर्सियां लग चुकी हैं। अब 15 अगस्त की सुबह सिद्धो-कान्हू स्टेडियम एक बार फिर “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से गूंजेगा।
ध्वजारोहण की समय-सारणी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन ने जिले भर में ध्वजारोहण की समय-सारणी जारी कर दी है। मुख्य समारोह सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में पूर्वाह्न 9:15 बजे आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन के अनुसार, जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में मुख्य समारोह स्थल पर होने वाले ध्वजारोहण से पूर्व ही झंडोतोलन किया जाएगा।
ये रहेगी समय-सारणी
– सिद्धो-कान्हू स्टेडियम, मुख्य समारोह स्थल — पूर्वाह्न 9:15 बजे
* समाहरणालय, साहिबगंज — पूर्वाह्न 10:35 बजे
– विकास भवन, साहिबगंज — पूर्वाह्न 10:55 बजे
– पुलिस अधीक्षक कार्यालय — पूर्वाह्न 11:15 बजे
– पुलिस लाइन कार्यालय — पूर्वाह्न 11:25 बजे
– अनुमंडल कार्यालय, साहिबगंज — पूर्वाह्न 11:45 बजे
सभी कार्यालयों और स्कूलों में भी ध्वजारोहण
उपायुक्त के निर्देश पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों एवं विद्यालयों में भी हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। इन संस्थानों में मुख्य समारोह स्थल के निर्धारित समय से पूर्व ही ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों और शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों को समय का विशेष ध्यान रखने और कार्यक्रम को गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया है।


