Sahebganj News: देशव्यापी केमिस्ट हड़ताल का महाअसर, शहर से गांव तक 700 दवा दुकानें रहीं पूरी तरह बंद

साहिबगंज जिले में ऑनलाइन दवा बिक्री, ई-फार्मेसी की गड़बड़ियों और नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुलाई गई एक दिवसीय बंदी का व्यापक असर रहा। जिले की करीब 700 दवा दुकानें बंद रहीं, जिससे बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। संगठन के सचिव कृष्णा भगत के नेतृत्व में केमिस्टों ने चौक बाजार में सभा करने के बाद एक विशाल जन आक्रोश रैली निकाली और सरकार से छोटे व्यापारियों के अस्तित्व की रक्षा करने की मांग की।

साहिबगंज: ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुलाए गए एक दिवसीय देशव्यापी केमिस्ट बंद का साहिबगंज जिले में व्यापक असर दिखा। शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण इलाकों तक लगभग 700 मेडिकल दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। दवा व्यवसायियों ने नकली दवाओं की बिक्री, नशीली दवाओं के दुरुपयोग और ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ जमकर विरोध जताया।

बंद के समर्थन में केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के बैनर तले दवा व्यवसायियों ने चौक बाजार में सभा आयोजित की। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा दिए जा रहे भारी डिस्काउंट से छोटे दवा व्यवसायियों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। सभा के बाद दवा व्यवसायियों ने जन आक्रोश रैली निकाली। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए प्रमुख इलाकों में भ्रमण कर नारेबाजी के साथ अपना विरोध दर्ज कराया।

संगठन के सचिव कृष्णा भगत ने बताया कि एक दिवसीय देशव्यापी बंद बुलाने का मुख्य उद्देश्य ई-फार्मेसी के माध्यम से हो रही गड़बड़ियों को उजागर करना है। उन्होंने कहा कि ई-फार्मेसी के द्वारा नकली प्रिपरेशन की नशीली दवा और नकली दवा धड़ल्ले से ऑनलाइन माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जा रही है। इससे लोगों के स्वास्थ्य और धन दोनों की हानि हो रही है। संगठन का मुख्य उद्देश्य है कि इस तरह का कारोबार पूरी तरह बंद होना चाहिए।

कृष्णा भगत ने बताया कि साहिबगंज जिले में करीब 700 दवा दुकानें आज बंद रहीं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि देशव्यापी इस बंद के बाद भी सरकार और प्रशासन ने उनकी मांगों पर विचार नहीं किया तो आगे और बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। रैली के दौरान दवा विक्रेताओं ने नकली दवा कारोबार और ऑनलाइन बिक्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर संयुक्त सचिव महेश अग्रवाल, सुनील महतो, मनीष गुप्ता, तैयब हुसैन, राहुल शुक्ला, दिलीप प्रसाद, बसंत कुमार महतो, सुमन कुमार महतो, पतंजलि भगत, मोहम्मद रकीब, सोनू भगत, मेजावुर रहमान, कौसर आलम सहित जिले के सभी दवा दुकानदार शामिल हुए।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More