Sahebganj News: रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन से विदेशी शराब जब्त

बरहरवा: रेलवे स्टेशन पर अवैध रूप से ले जाए जा रहे ज्वलनशील पदार्थ, विदेशी मदिरा और प्रतिबंधित सामानों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। इस क्रम में प्लेटफॉर्म संख्या- एक पर ट्रेन से 4.875 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार अपनी टीम के साथ दैनिक चेकिंग और निगरानी ड्यूटी पर थे। टीम में कांस्टेबल अनिल कुमार साह, सीपीडीएस टीम के हेड कांस्टेबल योगेंद्र मांझी, हेड कांस्टेबल अजीत कुमार, कांस्टेबल संतोष कुमार और कांस्टेबल वशिष्ठ यादव शामिल थे।
सुबह 07:15 बजे ट्रेन संख्या 13409 बरहरवा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या- 01 पर पहुंची। तलाशी के दौरान गार्ड साइड के जनरल कोच संख्या ER/125012/C की सीट के नीचे एक काला पिट्ठू बैग मिला। कोच में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने बैग पर दावा नहीं किया।
यात्रियों के सामने बैग खोलने पर उसमें विदेशी शराब की बोतलें मिलीं। बैग को प्लेटफॉर्म पर उतारकर जांच की गई। लावारिस बैग से कुल 4.875 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 4,680 रुपये है। इसमें मैकडॉवेल्स नंबर वन सुपीरियर व्हिस्की की 375 मिलीलीटर की 03 बोतलें और 750 मिलीलीटर की 01 बोतल, मैजिक मोमेंट्स ग्रेन वोदका की 375 मिलीलीटर की 03 बोतलें तथा इंपीरियल ब्लू व्हिस्की की 375 मिलीलीटर की 05 बोतलें शामिल हैं।
आरपीएफ ने सभी विदेशी शराब को विधिवत जब्त कर लिया है। जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया। इस संबंध में उत्पाद विभाग, साहेबगंज को सूचित कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।


