Sahebganj News: पथरा गांव में एनटीपीसी का बड़ा सोलर पैनल उखड़ा, बाल-बाल बचे ग्रामीण
-1024x614.jpeg)
साहिबगंज: सोमवार शाम करीब 5 बजे अचानक बदले मौसम ने बोरियो प्रखंड में तबाही मचा दी। तेज आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। महज कुछ घंटे की आपदा ने बिजली, सड़क और संचार व्यवस्था की पोल खोल दी।
पथरा गांव में एनटीपीसी द्वारा ग्रामीण विद्युतीकरण के तहत लगाया गया बड़ा सोलर पैनल तेज हवा के झोंके को झेल नहीं सका। करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा में पैनल का स्ट्रक्चर उखड़कर जमीन पर आ गिरा। गनीमत रही कि उस वक्त आस-पास कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
देर शाम दोबारा आई आंधी ने बोरियो बाजार की कमर तोड़ दी। बिजली के तारों पर पेड़ की डालियां गिरने से पूरा बाजार ब्लैकआउट हो गया। मेन रोड पर लगे पोल भी झुक गए। दुकानदारों को शटर गिराकर घर लौटना पड़ा। मंगलवार 10 बजे तक बिजली विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। मोबाइल नेटवर्क भी ठप होने से लोगों का संपर्क टूट गया।
लगातार बारिश से जिरूल से जेटके जाने वाली मुख्य सड़क पर घुटनों तक कीचड़ जमा हो गया। कच्ची सड़क होने के कारण पानी निकासी नहीं हुई और पूरा रास्ता दलदल में तब्दील हो गया। बाइक, साइकिल तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। स्कूली बच्चे, मरीज और दूध-सब्जी वाले वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। ग्रामीणों ने बताया कि हर बारिश में इस सड़क का यही हाल होता है, लेकिन आज तक पक्कीकरण नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि युद्धस्तर पर बिजली बहाल की जाए और जिरूल-जेटके सड़क से कीचड़ हटाकर मिट्टी डलवाई जाए। साथ ही एनटीपीसी के गिरे सोलर पैनल की मरम्मत जल्द कराई जाए ताकि गांव में बिजली लौट सके। फिलहाल आंधी-पानी थमने के बाद भी पूरे प्रखंड में अफरा-तफरी का माहौल है। किसान अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं, वहीं दुकानदार नुकसान का आकलन कर रहे हैं।


