Sahebganj News: दावे हवा-हवाई, धक्के से भी नहीं चली एंबुलेंस; साहिबगंज में स्वास्थ्य व्यवस्था की खुली पोल

साहिबगंज: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के सरकारी दावे एक बार फिर जमीन पर धक्का खाते नजर आए। जिले के राजमहल प्रखंड की दरला पंचायत से वायरल हुए एक वीडियो ने सिस्टम की कलई खोल दी है। वीडियो में एक सरकारी एंबुलेंस बीच सड़क पर बंद खड़ी है और ग्रामीण युवा उसे धक्का लगाकर चालू करने की जद्दोजहद कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह एंबुलेंस एक गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने निकली थी, लेकिन मरीज तक पहुंचने से पहले ही खुद जवाब दे गई। वीडियो में कुछ युवक सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर गुस्सा निकालते दिख रहे हैं। उनका सवाल सीधा है: जब इमरजेंसी सेवा ही इमरजेंसी में दम तोड़ दे, तो आम आदमी किस भरोसे जिए? कई कोशिशों के बाद भी एंबुलेंस स्टार्ट नहीं हुई। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कैसे जान बचाने वाली गाड़ी को बचाने के लिए खुद लोगों को पसीना बहाना पड़ा।
सूबे के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी अक्सर मंचों से नई एंबुलेंस और बेहतर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा के दावे करते हैं। मगर दरला का यह वीडियो उन दावों को आईना दिखा रहा है। सवाल सिर्फ एक एंबुलेंस के खराब होने का नहीं है। सवाल है रखरखाव का, मॉनिटरिंग का और उस सिस्टम का जो जिंदगी-मौत के बीच का फासला तय करता है।
फिलहाल इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एंबुलेंस खराब क्यों हुई, इसकी वजह भी साफ नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई बयान नहीं आया है। लेकिन वीडियो ने एक बात साफ कर दी है: कागजों पर चमकती स्वास्थ्य सेवा ग्रामीण सड़कों पर धक्का खा रही है। अब जरूरत है कि प्रशासन इस मामले की निष्पक्ष जांच करे। क्योंकि अगली बार एंबुलेंस के धक्के के साथ किसी की सांसें न अटक जाए।


