Sahebganj News: वन विभाग के आश्वासन के बाद भी गायब हुई लकड़ी, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

साहिबगंज: राजमहल अंचल के मखानी गांव के पास एक बार फिर वन माफियाओं ने कानून को खुली चुनौती दी है। दिनदहाड़े एक विशाल शीशम का पेड़ काटा गया और रात होते-होते लकड़ी गायब भी हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और वन विभाग की कार्यशैली पर सवालों की बौछार है।
दिन में कटाई, रात में शिफ्टिंग
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते दिनों माफियाओं ने बिना किसी अनुमति के मखानी गांव के पास खड़े शीशम के पेड़ पर आरा चला दिया। कटाई के समय न तो किसी को डर था, न कानून का खौफ। सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और “कार्रवाई” का आश्वासन देकर लौट गए। लेकिन रात के अंधेरे में वही लकड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लोड होकर गायब हो गई। ग्रामीण आरोप लगा रहे हैं कि विभाग को सब पता था, फिर भी लकड़ी रोकने कोई नहीं आया।
“अगर समय पर कार्रवाई होती तो…”
गांव वालों का गुस्सा इसी बात पर है कि अगर विभाग तुरंत हरकत में आता तो “हरे सोने” जैसी बहुमूल्य लकड़ी बचाई जा सकती थी। एक ग्रामीण ने कहा कि यहां हर महीने पेड़ कटते हैं। शिकायत करो तो सिर्फ कागजी आश्वासन मिलता है। माफियाओं का मनोबल इसी वजह से बढ़ रहा है। पर्यावरण कार्यकर्ताओं का कहना है कि शीशम जैसे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई सिर्फ संपदा का नुकसान नहीं है, ये सीधे पर्यावरण संतुलन पर हमला है।
जनता पूछ रही है 3 बड़े सवाल:
जनता जानना चाहती है कि किसके संरक्षण में फल-फूल रहा है अवैध लकड़ी का यह कारोबार? क्या वन विभाग के बड़े अधिकारी इस मामले में संज्ञान लेकर दोषियों पर एफआईआर दर्ज करवाएंगे? भविष्य में रोक के लिए क्या कोई ठोस प्लान है या फिर हर बार ऐसे ही पेड़ कटेंगे और लकड़ी उड़ जाएगी? अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। अब सबकी नजरें वन विभाग के वरीय अधिकारियों पर है। देखना होगा कि ये मामला भी फाइलों में दब जाता है या फिर “हरे सोने” की इस लूट पर आखिरकार लगाम लगती है।


