Sahebganj News: मॉडल कॉलेज राजमहल में योग दिवस का पूर्वाभ्यास, छात्रों ने दिखाया उत्साह

साहिबगंज के मॉडल कॉलेज, राजमहल में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के पूर्वाभ्यास को लेकर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की।

साहिबगंज: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के पूर्वाभ्यास को लेकर शुक्रवार को मॉडल कॉलेज, राजमहल परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा घोषित 2026 के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का विषय “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” है। 

उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज मनुष्य की औसत आयु घटकर लगभग 60 वर्ष रह गई है। योग के जरिए हम अपनी जीवन आयु में वृद्धि कर सकते हैं। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की उत्कृष्ट कला है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों से योग को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की योग शिक्षिका मार्ग्रेट हेम्ब्रम एवं फिजिकल शिक्षिका ज्योति पन्ना विशेष रूप से मौजूद रहीं। योग शिक्षिका मारग्रेट हेम्ब्रम ने विद्यार्थियों को नियमित योग और व्यायाम के शारीरिक-मानसिक लाभ बताए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा सामूहिक योगासन और व्यायाम की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। प्रतिभा रक्षित ने चित्रांकन के माध्यम से योग का अभ्यास दिखाकर सभी को प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. शैलेश मिश्र ने किया। उन्होंने योग को जीवन का अभिन्न अंग और सरल-स्वस्थ जीवन का आधार बताया। कार्यक्रम का समापन वैदिक मंगलकामना “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः। सर्वे भद्राणि पश्यन्तु, मा कश्चिद् दुःखभाग् भवेत्॥” के साथ हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे परिसर में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल रहा।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More