Sahebganj News: शहर में एक बार फिर शुरू हुआ डिजनीलैंड मेला

साहिबगंज: शहर में एक बार फिर मनोरंजन और उत्साह का माहौल बनने जा रहा है। पोखरिया स्थित टाउन हॉल के पीछे आयोजित होने वाले डिजनीलैंड मेला का उद्घाटन शुक्रवार को किया जाएगा। इसकी जानकारी मेला प्रबंधक रंजीत साह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष का मेला पहले की तुलना में अधिक आकर्षक और मनोरंजक होगा। मेले में बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए कई खास इंतजाम किए गए हैं, जिससे सभी आयु वर्ग के लोग इसका आनंद ले सकेंगे।
मेला प्रबंधक ने बताया कि इस बार मेले का मुख्य आकर्षण जलपरी शो होगा, जिसमें जलपरी की तरह सजे कलाकार विशेष अंदाज में अपनी प्रस्तुति देंगे। यह शो खास तौर पर बच्चों और छोटे दर्शकों के लिए रोमांचक साबित होगा। इसके अलावा मेले में विभिन्न प्रकार के रोमांचक झूले- जैसे हाइड्रोलिक झूला, ड्रैगन ट्रेन, ब्रेक डांस झूला सहित कई आधुनिक झूलों की व्यवस्था की गई है, जो मेले में आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए दुकानदार अपने-अपने हस्तशिल्प, खिलौने, घरेलू सामान और सजावटी वस्तुओं की दुकानें लगाएंगे। साथ ही अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक खान-पान के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां लोग विभिन्न प्रदेशों के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष रूप से खेल-खिलौनों की दुकानें, छोटे झूले और कई मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था की गई है, जिससे बच्चे मेले में भरपूर आनंद उठा सकेंगे। मेला प्रबंधक रंजीत साह ने साहिबगंज जिले के सभी लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने परिवार और बच्चों के साथ मेले में पहुंचें और इस मनोरंजक आयोजन का आनंद लें।


