Sahebganj News: 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान, जगह-जगह निकाली जा रही रैली

साहिबगंज: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज द्वारा झालसा, राँची के तत्वावधान में 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले भर में भव्य जागरूकता रैली निकालकर आम नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
पीडीजे ने बताई अभियान की रूपरेखा
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अखिल कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान में महिला एवं बाल अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों व श्रमिकों के अधिकार, घरेलू हिंसा रोकथाम और बाल विवाह निषेध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
प्रखंड-पंचायत तक पहुंचेगा अभियान
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि यह अभियान समाज के हर वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक सशक्त पहल है। अगले 90 दिनों तक जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, शिविर और जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे। नुक्कड़ नाटक, पोस्टर और पंपलेट के जरिए भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।
दिव्यांग बच्चों के अधिकार पर विशेष जोर
डालसा सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि डालसा का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और समान शिक्षा के अधिकार के प्रति जागरूक करना भी है। इसके लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
टोल-फ्री नंबर 15100 पर मिलेगी मदद
डालसा ने आम लोगों से अपील की है कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल-फ्री नंबर 15100 पर कॉल कर कोई भी व्यक्ति 24 घंटे निःशुल्क कानूनी सलाह प्राप्त कर सकता है। गरीब और जरूरतमंद लोगों को कोर्ट में पैरवी के लिए मुफ्त वकील की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।


