Sahebganj News: वार्ड संख्या-4 में अधूरी सफाई से आक्रोश, नगर पंचायत की व्यवस्था पर उठे सवाल

बरहरवा: नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पर वार्ड संख्या- 04 के लोग सवाल उठा रहे हैं। बड़ी दुर्गा मंदिर के पीछे कचरा उठाने वाली गाड़ी तो पहुंचती तो है, लेकिन आधी सफाई करके बाकी कचरा वहीं छोड़कर चली जाती है। खुले में पड़े इस कचरे से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है। साथ ही आवारा जानवर कचरे को इधर-उधर बिखेर रहे हैं, जिससे गंदगी और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे न सिर्फ माहौल खराब हो रहा है, बल्कि जानवरों की सेहत पर भी असर पड़ सकता है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत से मांग की है कि शेष बचे कचरे को जल्द से जल्द उठवाया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
शहर के बुद्धिजीवियों ने आम लोगों से अपील की कि जब कचरा संग्रहण वाहन आए तो कचरा उसी में डालें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें। नागरिकों का कहना है कि “स्वच्छ बरहरवा” बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम जनता की भागीदारी भी जरूरी है।


