Sahebganj News: वज्रपात का कहर: 33 वर्षीय युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

साहिबगंज: बरहरवा प्रखंड की सातगाछी पंचायत अंतर्गत मालिन गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान मालिन निवासी 33 वर्षीय अर्जुन साहा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्जुन साहा अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
अर्जुन साहा अपने पीछे पत्नी और 5 वर्षीय मासूम बेटे को छोड़ गए हैं। वह परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।


