Sahebganj News: चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन घाटों पर उमड़ी आस्था की भीड़

साहिबगंज: चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन प्रखंड मुख्यालय के बिजली घाट, मुक्तेश्वर धाम घाट, ओझा टोली घाट, बिरसा मुंडा घाट, जय सूर्या घाट सहित अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया। घाट पर “जय माता दी” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
नवरात्रि के पहले दिन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालुओं ने व्रत-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की बड़ी संख्या घाट पर उपस्थित रही, जिससे क्षेत्र में मेले जैसा दृश्य देखने को मिला। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद रहे। पुलिस ने सतर्कता बनाए रखते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया। पूरे दिन घाट पर धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे क्षेत्र का माहौल पूरी तरह श्रद्धामय बना रहा।


