कोडरमा में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत, दूसरा रिम्स रेफर

कोडरमा : मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियाडीह-तेतरोन मुख्य मार्ग पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना बांसडीह (कारीपहरी) के समीप दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में हुई। जानकारी के अनुसार, लालूडीह निवासी अफसर अंसारी (25), पिता जुमन अंसारी, बाइक से अपनी ससुराल जयनगर थाना क्षेत्र के गरचांच जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर डोंगोडीह निवासी सेफ अली, पिता साकीर हुसैन, सवार था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और दोनों घायलों को निजी वाहन से सदर अस्पताल, कोडरमा ले जाया गया। रास्ते में ही अफसर अंसारी ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सेफ अली का सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। मरकच्चो थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही परिजन दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को वहां से हटा चुके थे।

