Religion News: सावन की पहली सोमवारी पर कटकमसांडी के सड़वा महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतार
_samridh_1200x720-1024x614.jpeg)
हजारीबाग: सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर कटकमसांडी प्रखंड की लुपुगं पंचायत स्थित प्राचीन सड़वा महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे। पूरे दिन मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र “हर-हर महादेव” एवं “बोल बम” के जयघोष से गुंजायमान रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और शिवमय हो गया।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, भांग एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं क्षेत्र में सुख-शांति की कामना करते हुए भोलेनाथ की आराधना की। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में अखंड हरि-कीर्तन का भी आयोजन किया गया। भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि से पूरा परिसर भक्तिरस में डूबा रहा। श्रद्धालु भजन-कीर्तन में शामिल होकर भगवान शिव की भक्ति में लीन दिखाई दिए।
पूजा-अर्चना एवं कीर्तन के उपरांत मंदिर समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने अनुशासित ढंग से प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि सावन माह में प्रत्येक सोमवारी को विशेष पूजा-अर्चना, जलाभिषेक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।


