रांची के नटराज होटल में वन्यजीव तस्करी का खुलासा, भाजपा नेता राजीव रंजन मिश्रा समेत तीन गिरफ्तार

रांची: राजधानी रांची में वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। वन विभाग और Wildlife Crime Control Bureau (WCCB) की संयुक्त कार्रवाई में नटराज होटल से मॉनिटर लिजार्ड से जुड़ी कथित “हत्था जोड़ी” की अवैध तस्करी का भंडाफोड़ हुआ है। छापेमारी के दौरान होटल के कमरे से 30 “हत्था जोड़ी” बरामद किए गए हैं। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे Wildlife Crime Control Bureau को गुप्त सूचना मिली थी कि डेली मार्केट स्थित नटराज होटल में कुछ लोग मॉनिटर लिजार्ड से जुड़ी वन्यजीव सामग्री की अवैध खरीद-बिक्री के लिए ठहरे हुए हैं। सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोपहर करीब 12:30 बजे होटल में छापेमारी की।.jpeg)
जांच के दौरान होटल के कमरा संख्या-203 में तीन संदिग्ध व्यक्ति मिले। तलाशी लेने पर कमरे में रखे एक काले प्लास्टिक बैग से मॉनिटर लिजार्ड से संबंधित 30 “हत्था जोड़ी” बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
वन विभाग के अनुसार, यह मामला वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। आरोपियों पर वन्यजीवों के शिकार, संग्रहण और अवैध व्यापार से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने इसे संगठित वन्यजीव तस्करी से जुड़ा मामला माना है।
गिरफ्तार आरोपी
1. राजीव रंजन मिश्रा (64 वर्ष), बड़ा तालाब, रांची
2. अविनाश आनंद (32 वर्ष), बड़ा तालाब, रांची
3. अरुण राम, कचहरी चौक, हिंदपीढ़ी, रांची
वन विभाग ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए अदालत में आवेदन दिया है।
सूत्रों के अनुसार, “हत्था जोड़ी” के नाम पर वन्यजीवों के अंगों की तस्करी लंबे समय से गुप्त रूप से की जा रही थी। इस वस्तु को तांत्रिक और अंधविश्वास से जोड़कर ऊंची कीमतों पर बेचा जाता है। हालांकि वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि संरक्षित वन्यजीवों के अंगों का व्यापार पूरी तरह गैरकानूनी है और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


