Ranchi News : राहुल गांधी ने छात्रों की सुनी आवाज, भाजपा सिर्फ सियासत कर रही है: विजय शंकर नायक

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन पर कांग्रेस का पक्ष रखते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र न्याय, पारदर्शिता और रोजगार की मांग कर रहे हैं, जबकि भाजपा उनके आंदोलन का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही है।
विजय शंकर नायक ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आंदोलनरत छात्र प्रतिनिधियों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस न्यायपूर्ण एवं पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करती रहेगी।
के. राजू ने मुख्यमंत्री से छात्रों की मांगों पर की पहल
उन्होंने बताया कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर छात्रों की मांगों को विस्तार से रखा। मुख्यमंत्री ने भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की दिशा में पहल की है।
विजय शंकर नायक ने कहा कि यही जिम्मेदार राजनीति है, जिसमें सड़क पर उठी आवाज़ को सरकार तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाता है।
भाजपा पर दोहरी राजनीति का आरोप
प्रदेश प्रवक्ता ने भाजपा पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब भाजपा सत्ता में थी, तब भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आए विवादों और न्यायालयों तक पहुंचे मामलों के समाधान के लिए उसने कोई स्थायी सुधार नहीं किए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों के आंदोलनों के दौरान भाजपा की भूमिका अलग रही, जबकि झारखंड में वही पार्टी छात्रों की पीड़ा को राजनीतिक मुद्दा बनाकर सिर्फ सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रही है।
निष्पक्ष जांच हो, लेकिन छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो
विजय शंकर नायक ने कहा कि कांग्रेस का रुख स्पष्ट है कि यदि किसी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितता की शिकायत आती है तो उसकी निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच होनी चाहिए। यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, लेकिन लाखों मेहनती और ईमानदार अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ किसी भी स्थिति में अन्याय नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि झारखंड का युवा राजनीतिक टकराव नहीं, बल्कि न्याय, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और रोजगार चाहता है। कांग्रेस युवाओं के अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।


