रांची से इंदौर और गांधीनगर के लिए सीधी ट्रेन की मांग, जेपी विचार मंच ने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को सौंपा ज्ञापन

रांची: झारखंड की राजधानी रांची से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए रेल संपर्क मजबूत करने की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश जेपी विचार मंच के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने रांची से नई रेल सेवाएं शुरू करने और कुछ मौजूदा ट्रेनों की सेवाओं का विस्तार करने की मांग उठाई।
प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार मलिक के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में रांची से इंदौर (मध्य प्रदेश) और रांची से गांधीनगर (गुजरात) के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग की गई। प्रतिनिधियों का कहना था कि इन शहरों के लिए सीधी ट्रेन नहीं होने से विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इन रेल सेवाओं की भी उठी मांग
जेपी विचार मंच ने ज्ञापन के माध्यम से कई अन्य महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं, जिनमें शामिल हैं—
रांची से इंदौर के लिए सीधी ट्रेन शुरू की जाए।
रांची से गांधीनगर के लिए नई रेल सेवा शुरू हो।
हटिया–जयनगर एक्सप्रेस का परिचालन प्रतिदिन किया जाए।
हटिया–पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस का विस्तार जोगबनी तक किया जाए।
रांची–मुंबई ट्रेन का संचालन सप्ताह में सीमित दिनों के बजाय प्रतिदिन किया जाए।
यात्रियों की सुविधा का रखा गया पक्ष
जेपी विचार मंच के प्रदेश प्रवक्ता शैलेश कुमार सिन्हा ने कहा कि रांची से इंदौर और गांधीनगर के लिए सीधी रेल सेवा नहीं होने से विशेष रूप से विद्यार्थियों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को लंबी दूरी की यात्रा में कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है। उन्होंने रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
संजय सेठ ने दिया सहयोग का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल में जेपी आंदोलन से जुड़े सुनील कुमार दास, यतीन्द्र लाल दास, शशांक शेखर सहाय, स्वामी करमाली और पंकज सिंह सहित अन्य सदस्य भी शामिल थे।
रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी ओर से उठाई गई मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और उन्हें पूरा कराने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।


