साहिबगंज में भाजपा का कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन, स्टेशन चौक पर पुतला दहन

साहिबगंज: रेलवे स्टेशन चौक पर शुक्रवार शाम को भाजपा नगर इकाई के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम में राजमहल विधानसभा के पूर्व विधायक अनंत ओझा विशेष रूप से शामिल हुए।
भाजपा कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद चौक से पार्टी का झंडा लेकर रैली के रूप में निकले। हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता स्टेशन चौक पहुंचे और वहां कांग्रेस पार्टी व राहुल गांधी का पुतला फूंका।
पुतला दहन के बाद सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी देश के छात्रों, युवाओं और आम जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संसद में पेपर लीक मामले और अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दल चर्चा से भाग रहे हैं। यह देशहित में सही नहीं है।
पूर्व विधायक ने झारखंड की कांग्रेस-राजद-जेएमएम गठबंधन सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में जेपीएससी में धांधली, जीएससी परीक्षा में गड़बड़ी हुई। कांग्रेस शासित राज्यों केरल, पंजाब, झारखंड में पेपर लीक पर ये लोग चुप हैं। कांग्रेस तुष्टिकरण और अराजक तत्वों को संरक्षण देने का काम कर रही है। यहां जितनी भी परीक्षाएं हुईं, सब भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गईं।
वहीं, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस विदेशी फंडिंग से देश में अराजकता फैलाने का काम कर रही है। कांग्रेस विदेशियों के हाथों बिक गई है। राहुल गांधी और कांग्रेस नौजवानों को गुमराह करना बंद करें और संसद में बहस करें। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक के अनशन खत्म होने से भी कांग्रेस को परेशानी हो रही है। कार्यक्रम में सभी प्रखंड व मंडल के अध्यक्ष-सचिव, वरीय भाजपा नेता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।


