Politics News: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर पाकुड़ एसपी ने दी श्रद्धांजलि

पाकुड़ : दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को पाकुड़ जिले के शहरकोल स्थित पुराने डीसी मोड़ पर स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर जिले के पुलिस अधीक्षक श्री अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर झारखंड आंदोलन में दिशोम गुरु के ऐतिहासिक योगदान, संघर्ष और जनसेवा को स्मरण किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्वर्गीय शिबू सोरेन ने झारखंड की पहचान, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनका संघर्ष, त्याग और नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु का जीवन समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के प्रति समर्पित रहा, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा और सम्मान से ओत-प्रोत रहा। लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए झारखंड राज्य के निर्माण और जनआंदोलन में निभाई गई उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पाकुड़ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि दिशोम गुरु की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।


