हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोली

हजारीबाग: हजारीबाग जिले के गिद्दी थाना पुलिस और राहुल दुबे गैंग के गुर्गों के बीच शनिवार की अहले सुबह मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों घायल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक अपराधी भागने में सफल रहा। घटना शनिवार सुबह करीब 3:50 बजे की है।
दो घायल अपराधी गिरफ्तार, अस्पताल भेजे गए
घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार एवं रोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया गया है।
बड़ी घटना को अंजाम देने की सूचना पर पुलिस ने शुरू की चेकिंग
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे के कुछ गुर्गे गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए मोटरसाइकिल से घूम रहे हैं।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए गिद्दी थाना में उपलब्ध पुलिस पदाधिकारी, उरीमारी थाना प्रभारी एवं सशस्त्र बल के साथ पुलिस टीम रवाना हुई। इसके बाद पुराना कांटा घर रोड के आसपास अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस को देखकर भागने लगे अपराधी, जंगल से की फायरिंग
पुलिस चेकिंग के दौरान करीब 3:50 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति भुरकुंडा की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। भागने के दौरान मोटरसाइकिल गिर गई और तीनों अपराधी जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस के अनुसार, जंगल से अपराधियों ने पुलिस को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए। घायल बादल कुमार एवं रोहित कुमार उर्फ पीटर को इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया। वहीं, एक अपराधी जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया।
हथियार, गोली और खोखा बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से दो हथियार, गोली, खोखा, पर्चा एवं मोबाइल बरामद किया है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और फरार अपराधी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में चला अभियान
छापेमारी दल में बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव सहित कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


