रामगढ़: पुलिस मेंस एसोसिएशन रामगढ़ शाखा के सभापति अनिल कुमार यादव की अध्यक्षता में पुलिस कर्मियों का सरकार द्वारा क्षतिपूर्ति अवकाश को खत्म करने की घोषणा पर शुक्रवार को एक बैठक आहूत की गई। ऐसोसिएशन ने इसका विरोध किया है। एक ओर जहां पुलिस मेंस एसोसिएशन ने राज्य के 70000 पुलिसकर्मियों को 13 महीने का वेतन दिए जाने पर प्रसन्नता जाहिर की, वहीं दूसरी ओर पुलिस कर्मियों के क्षतिपूर्ति अवकाश को खत्म करने को अपने साथ किया गया धोखा करार दिया। तय किया गया है कि केंद्रीय मेंस एसोसिएशन के वार्ताकार से इस बाबत आग्रह किया जाएगा। उसे नही मानने पर आंदोलन करने पर सहमति प्रकट की गई है। इस दौरान रामगढ़ शाखा के सचिव लव कुश मेहता, उपाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष कुंज बिहारी चौबे, संयुक्त सचिव तपेश्वर साव, केंद्रीय मंत्री दिनेश कुमार सुमन एवं अंकेक्षक राजू रविदास मौजूद थे।