तीसरी में शांति समिति की बैठक, हुड़दंगियों को प्रशासन की सख्त चेतावनी
-1024x675.jpg)
तीसरी: आगामी होली पर्व के मद्देनजर रविवार को तीसरी थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनीष कुमार एवं थाना प्रभारी रंजय कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाए रखना और त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना था।
हुड़दंग और हिंसा पर ज़ीरो टॉलरेंस
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ मनीष कुमार ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है। यदि कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में हंगामा करता है या जबरन किसी पर रंग डालता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
थाना प्रभारी रंजय कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा, “पुलिस बल के जवान सादे लिबास में भी तैनात रहेंगे। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें या सांप्रदायिक पोस्ट साझा करने वालों पर साइबर सेल की नजर है। हुड़दंग करने वालों की जगह जेल की सलाखों के पीछे होगी।”
जनप्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का आश्वासन
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार साझा करते हुए प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। वक्ताओं ने संवेदनशील इलाकों में विशेष गश्त लगाने का सुझाव भी दिया।
बैठक में मुख्य रूप से तीसरी थाना के एसआई लव कुमार, जिला परिषद प्रतिनिधि किसुन यादव, खरखरी पंचायत समिति सदस्य माला सिन्हा, तीसरी मुखिया किशोरी साव, गूंगी मुखिया प्रतिनिधि महेश राव तथा भंडारी मुखिया प्रतिनिधि पिंकेश सिंह समेत कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे।


