निःशुल्क ऑनलाइन क्लासेस हेतु पार्श्वनाथ अंतरराष्ट्रीय विवि ट्रस्ट ने बढ़ाया हाथ

 

कोरोना काल में स्कूलों के बंद होने, प्रवासी भाइयों के लौटने और रोजगार के छिन जाने के बीच ही पार्श्वनाथ वर्चुअल अकादमी की स्थापना पार्श्वनाथ अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय चैरिटेबल ट्रस्ट, रजि. द्वारा निःशुल्क ऑनलाइन क्लासेज़ के लिए की गयी है. यह मानवीय पहल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि लाखों की संख्या में प्रवासी कामगारों के बच्चे वापस गाँवों की ओर लौट आये हैं तथा लोगों के ना तो रोजगार है ना ही ऐसी स्थिति में है कि वे अपने बच्चों का नामांकन किसी अच्छे स्कूल में करा सकें.

इस ऑनलाइन क्लासेस में नामी-गिरामी शिक्षक निःशुल्क में गणित, अंग्रेजी, विज्ञान व अन्य विषयों की कक्षाएं संचालित करेंगे. इस अकादमी में फ़िलहाल अंग्रेजी की कक्षा सुप्रीम इंग्लिश ग्रामर के लेखक व 10़2 बीरेंद्र अयन विद्यालय, डोरंडा के अंग्रेजी शिक्षक विनोद कुमार निःशुल्क ले रहे हैं. साथ ही गणित की मिथिलेश वर्मा, विज्ञान की कक्षा संजीव कुमार, अंग्रेजी की कक्षा निदेशक आरएन स्कूल प्रेम कुमार ले रहे हैं. इस अकादमी में बच्चों की कक्षाओं से लेकर जेटेट, जेपीएससी, रेलवे, जेएसएससी व अन्य सभी प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी निःशुल्क कराई जाएगी.

ज्ञात हो कि यह ट्रस्ट लगातार तीन सालों से गिरीडीह व आसपास के जिलों के बच्चों में पार्श्वनाथ महोत्सव के जरिये प्रतिभा निखारने का काम कर रहा है. यह ट्रस्ट साथ ही उच्च शिक्षा और विकास में काफी पीछे गिरिडीह जिले में पार्श्वनाथ अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय निर्माण हेतु सँघर्षशील है.

इस विश्वविद्यालय निर्माण से जिला गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, बोकारो तथा धनबाद व हज़ारीबाग़ के कुछ क्षेत्र में ना केवल उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा बल्कि इन जिलों के लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार भी उपलब्ध हो पायेगा. साथ ही पर्यटन को भी काफी बढ़ावा मिलेगा.

पार्श्वनाथ वर्चुअल अकादमी को खोलने की प्रेरणा प्रवासी भाइयों के पलायन से उभरे संकट से आयी है. ट्रस्ट के अध्यक्ष ने सभी शिक्षकों और शिक्षाप्रेमियों से अपील की है कि इस निःशुल्क शिक्षा सेवा हेतु इसमें निःशुल्क क्लासेज लेकर सहयोग करें. आज के कोरोना के संकट में यह मानवीय जरूरत है और हम सबको इस संकट की घड़ी में साथ रहकर काम करना चाहिए. सभी लोग इस अकादमी से फेसबुक पेज Parshvanath Virtual Academy के जरिये निःशुल्क जुड़ सकते हैं.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More