Palamu News: हरिहरगंज में बिजली संकट पर जनाक्रोश, विद्युत कार्यालय का घेराव, 24 घंटे बिजली की मांग

पलामू: हरिहरगंज एवं पिपरा प्रखंड में लगातार हो रही बिजली कटौती और अनियमित विद्युत आपूर्ति से नाराज किसानों और उपभोक्ताओं का आक्रोश सोमवार को सड़क पर फूट पड़ा। सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन के नेतृत्व में सैकड़ों लोग ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों के साथ अररुआ खुर्द मध्य विद्यालय मैदान से जुलूस निकालते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते प्रखंड परिसर स्थित विद्युत कार्यालय पहुंचे। “बिजली हमारी, अधिकार हमारा” और “अब नहीं चलेगा अंधियारा” जैसे नारों के बीच प्रदर्शनकारियों ने विद्युत कार्यालय का घेराव कर धरना दिया, जो बाद में सभा में तब्दील हो गया।
सभा की अध्यक्षता सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन ने की, जबकि संचालन पूर्व प्रमुख अखिलेश मेहता ने किया। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत अनुमंडल पदाधिकारी गुणवंत कुमार को चार सूत्री मांगपत्र सौंपा। इसमें हरिहरगंज एवं पिपरा क्षेत्र में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, क्षेत्र को मायापुर एवं रुदवा पावर ग्रिड से जोड़ने, दोनों प्रखंडों के साथ कथित भेदभाव समाप्त करने तथा हरिहरगंज शहरी क्षेत्र के लिए अतिरिक्त विद्युत सब-स्टेशन एवं ग्रामीण क्षेत्र के लिए सेमरवार-1 और सरसोत-2 में नए विद्युत सब-स्टेशन स्थापित करने की मांग की गई।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि हरिहरगंज और पिपरा के लोग लंबे समय से बिजली संकट झेल रहे हैं। अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण किसानों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, छोटे व्यवसायियों का कारोबार बाधित है और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वहीं राजीव रंजन ने कहा कि कई बार विभागीय अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
प्रदर्शन के दौरान विद्युत अनुमंडल पदाधिकारी गुणवंत कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि मानसूनी खेती को देखते हुए अगले 15 दिनों तक ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मायापुर और रुदवा पावर सब-स्टेशन का निर्माण कार्य अगले पांच से छह माह में पूरा होने की संभावना है। इसके बाद हरिहरगंज विद्युत सब-स्टेशन को इन दोनों ग्रिडों से जोड़ दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी भरोसा दिलाया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हुआ। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में बिजली व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो वे चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज करेंगे।
प्रदर्शन में विनोद उर्फ जानू चौधरी, कृष्ण कुमार क्रांतिकारी, अजय सिंह, विश्वदीप कुमार, राजेश दास सहित सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण शामिल थे।


