Palamu News: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 9.660 किलो अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

बरामद अफीम और गिरफ्तार तस्करों के साथ छतरपुर पुलिस टीम।

पलामू: पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल नौ केजी छह सौ साठ ग्राम अफीम बरामद की है, इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, रविवार की शाम पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार का एक व्यक्ति बाइक से छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा चराई में अफीम की खरीद-बिक्री के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर पलामू एसपी ने छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

निर्देश के आलोक में एसडीपीओ के नेतृत्व में छतरपुर थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने करमा चराई रोड स्थित पथलगड़ा के पास और छतरपुर-जपला मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान मध्य रात्रि में तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगा, जिसे जवानों ने पकड़ लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम रंजन रजक (36 वर्ष), पिता शिवनंदन रजक, ग्राम डुमरिया, थाना डुमरिया, जिला गया (बिहार) बताया। उसके मोटरसाइकिल की रजिस्ट्रेशन संख्या BR02BG-8511 की डिक्की की तलाशी लेने पर दो काले प्लास्टिक में कुल 2 किलो 660 ग्राम अफीम बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ एवं आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने ग्राम मंझौली निवासी दयानंद प्रसाद (60 वर्ष) के घर पर विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान मिट्टी के घर के एक कमरे से 7 किलोग्राम अफीम बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों स्थानों से बरामद कुल 9 किलो 6 60 ग्राम अफीम को जब्त कर सील कर दिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध छतरपुर थाना एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बरामद अफीम के स्रोत, गंतव्य स्थान तथा अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए अनुसंधान एवं छापेमारी जारी है। छापामारी दल में शामिल एसडीपीओ प्रशांत कुमार, छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहें।

पलामू पुलिस की अपील

पलामू पुलिस ने आम लोगों से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित किसी भी सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने यह भी कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More