Palamu News: सांसद विष्णु दयाल राम ने लोकसभा में उठाई चियांकी हवाई अड्डे के विकास की मांग
-1024x614.jpeg)
पलामू: संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम ने आज लोकसभा में नियम 377 के तहत पलामू प्रमंडल स्थित चियांकी (मेदिनीनगर) हवाई अड्डे के त्वरित विकास और वहां से नियमित कमर्शियल उड़ान सेवा शीघ्र शुरू करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
सांसद ने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की संशोधित ‘उड़ान’ (UDAN) योजना के तहत चियांकी हवाई अड्डे का चयन किया जा चुका है, फिर भी लंबे समय से यहां से नियमित वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत लंबित है।
50 लाख आबादी की परेशानी और विकास की संभावनाएं
सांसद ने कहा कि पलामू प्रमंडल के तीन प्रमुख जिलों—पलामू, गढ़वा और लातेहार की लगभग 50 लाख आबादी को आपातकालीन चिकित्सा, व्यापार, शिक्षा और यात्रा के लिए आज भी रांची, गया या वाराणसी जैसे दूरस्थ हवाई अड्डों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारियों, उद्योगपतियों और अधिकारियों का भारी समय और धन व्यय होता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि चियांकी हवाई अड्डा चालू होने से पलामू टाइगर रिजर्व, बेतला राष्ट्रीय उद्यान, पलामू किला और नेतरहाट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को नया जीवन मिलेगा। साथ ही कृषि, तसर, लाख, वनोपज, लघु उद्योगों और स्थानीय रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। आपात स्थिति में यह एयर एम्बुलेंस और आपदा प्रबंधन के लिए भी अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।
सांसद विष्णु दयाल राम ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से मांग की कि:
रनवे विस्तार, टर्मिनल भवन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर, अग्निशमन और सुरक्षा ढांचे का निर्माण कार्य मिशन मोड में पूरा किया जाए। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), झारखंड सरकार और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित स्वीकृतियां समयबद्ध तरीके से हासिल की जाएं।
कार्य की समय सीमा तय कर इसकी मासिक समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय निगरानी समिति गठित की जाए। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि उत्तर-पश्चिमी झारखंड के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास के दृष्टिकोण से चियांकी हवाई अड्डा परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और जल्द से जल्द क्षेत्रवासियों को हवाई सेवा की सौगात दी जाए।


