Pakur News: गनपुरा में भव्य कलश यात्रा के साथ हरिनाम संकीर्तन शुरू, भक्तों की उमड़ी भीड़

पाकुड़: पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के गनपुरा पंचायत अंतर्गत गनपुरा गांव में गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा गांव के प्रतिष्ठित हरि मंदिर प्रांगण से शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कलश यात्रा हरि मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर पूरे गांव का भ्रमण करते हुए गनपुरा चौक पहुंची। इसके बाद श्रद्धालु गाजे-बाजे और जयकारों के साथ गनपुरा स्थित पवित्र ब्राह्मणी नदी पहुंचे, जहां विद्वान पंडित प्रभाकर मिश्रा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कराकर कलशों में पवित्र जल भरा गया। जल भरने के बाद श्रद्धालु पुनः गनपुरा चौक होते हुए वापस हरि मंदिर प्रांगण पहुंचे, जहां कलशों को स्थापित किया गया।
कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र “हरे कृष्ण, हरे राम” के जयघोष से गुंजायमान रहा। ग्रामीणों ने बताया कि इस कलश स्थापना के साथ ही मंदिर प्रांगण में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और हरिनाम संकीर्तन, लीला कीर्तन की शुरुआत हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में पूजा कमेटी के सदस्य शिव शंकर पाल, गोपाल चौधरी, रतन पाल, मुन्ना पाल, मनोज पाल, महादेव पाल सहित भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग और ग्रामीण मुख्य रूप से उपस्थित थे।


