Pakur News: पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज गंभीर, बुलाई बैठक

पाकुड़: जिले में पेयजल, स्वच्छता एवं शहरी आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने की। इस दौरान हर घर जल योजना, ओडीएफ प्लस पंचायतों की संख्या में वृद्धि, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, सड़क एवं नाला निर्माण, पार्कों के सौंदर्यीकरण तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता एवं पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, जलापूर्ति योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं में तेजी लाने और लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


